इस्लामाबाद : पाकिस्तान खुद को दुनिया के सामने एक नई पहचान देने की कोशिश में जुटा है। पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से दीपावली की बधाई दी गई और अब पाकिस्तान ने एक हिंदू महिला संत के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है। यह सिक्का माता साहिब हसी देवी की 200वीं जयंती के मौके पर जारी किया गया है। पाकिस्तान की केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दी और स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने 27 नवंबर 2026 से इसे अपने बैंकिंग सर्विसेज कॉरपोरेशन के सभी फील्ड ऑफिसों के एक्सचेंज काउंटर पर उपलब्ध कराया है।

पाकिस्तान की आमतौर पर दुनिया में एक कट्टर इस्लामी देश की छवि है। ऐसे में हिंदू धार्मिक गुरु के नाम पर राष्ट्रीय मुद्रा जारी करना एक अहम कदम है। यह सिर्फ एक सिक्के का मामला नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के सिंध प्रांत में मौजूद हिंदू धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सरकारी स्तर पर पहचान देने की कोशिश भी है। आधिकारिक तौर पर इसे माता साहिब हसी देवी के धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान के सम्मान से जोड़ा गया है।


