झारखंड : शादी से ठीक पहले दुल्हन के पिता सहित तीन को गिरफ्तार ले गई पुलिस

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के रमना प्रखंड स्थित टंडवा गांव में विवाह के दौरान सरकार के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर दुल्हन के पिता सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इस दौरान डीजे का भी सारा सामान जब्त कर लिया गया।

बताया जाता है कि मामला गुरुवार देर रात का है।

टंडवा गांव के इंद्रदेव राम की बेटी की बारात उत्तर प्रदेश की कोन गांव से आयी थी।

शादी में मात्र 11 लोगों के शामिल होने की गाइडलाइन जारी की गई है, लेकिन यहां नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थी।

वहीं, ऑर्केस्ट्रा का आयोजन कर आसपास के गांव के लोगों को भी कोरोना की दावत दी गयी थी।

इसकी सूचना रमना थाना प्रभारी रणविजय सिंह को मिली तो उन्होंने फौरन पुलिस बल के साथ टंडवा गांव पहुंचकर ऑर्केस्ट्रा और डीजे साउंड के सारे सामान जब्त कर लिये।

वहीं, दुल्हन के पिता इंद्रदेव राम, ऑर्केस्ट्रा के मालिक नंदू राम और डीजे साउंड के मालिक नीतीश यादव को कस्टडी में ले लिया।

बाद में दुल्हन के पिता को रस्म पूरी करने के लिए कुछ समय के लिए मुक्त कर दिया गया।

थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने डीजे और ऑर्केस्ट्रा के सामान बरामद किए हैं।

नियम के उल्लंघन के आरोप में दुल्हन के पिता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Share This Article