एंबुलेंस की कर्कश आवाज अब होगी संगीतमय: नितिन गडकरी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाहनों में लगे हार्न की आवाज बदलने के साथ एंबुलेंस की कर्कश आवाज को भी अब संगीतमय किया जाएगा।

इस संदर्भ में जर्मनी के संगीतकार की धुन पर एंबुलेंस की आवाज बदली जाएगी। गडकरी ने कहा कि यह आदेश आज से ही लागू किए जाएंगे।

गडकरी ने शुक्रवार को पुणे में एक कार्यक्रम में बताया कि वाहनों की कर्कश आवाज को बदलने का आदेश उन्होंने पहले ही दे दिया है।

आज उन्होंने एंबुलेंस की कर्कश आवाज को जर्मनी के संगीतकार की धुन पर आधारित संगीत के अनुसार करने का आदेश जारी किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगर सहयोग करे तो वे महाराष्ट्र में राजमार्ग का विस्तार कर सकते हैं।

उनके पास पैसे की कमी नहीं है, पैसे के लिए उन्हें वित्त विभाग की राह नहीं देखनी है।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि पुणे में मेट्रो रेल का काम तेज गति से हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री अजीत पवार पुणे के विकास पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। गडकरी ने कहा कि मुंबई में सीलिंक का विस्तार उनका महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।

इस सीलिंक के साथ ही वे दक्षिण मुंबई स्थित ओबेराय टावर से नई दिल्ली तक का सड़क मार्ग का सफर सिर्फ 12 घंटे का बनाना चाहते हैं।

इसी तरह राज्य सरकार को पुणे शहर की भीड़ को देखते हुए नया पुणे शहर बसाने का प्रयास करना चाहिए।

इसके लिए केंद्र सरकार की ओर राज्य सरकार को हर स्तर पर मदद दी जाएगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अजीत पवार, सांसद गिरीश बापट, पुणे नगर निगम के महापौर मुरलीधर मोहोल समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।

Share This Article