रांची में पहले वाली सिटी बसें ‘खराब’, अब नयी सिटी बसें चलवायेगा रांची नगर निगम

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम की ओर से शहर में सिटी बसों का परिचालन किया जा रहा है, लेकिन इनमें से अधिकतर बसें खराब हो चुकी हैं। अब एक बार फिर रांची नगर निगम सिटी बस सेवा के लिए नयी बसें रांची की सड़कों पर उतारेगा। ये बसें नॉन एसी और एसी होंगी।

पहले चरण में शहर में लगभग 200 सिटी बसें चलाने की योजना है। इस पर रांची नगर निगम काम कर रहा है। जानकारी के अनुसार, नगर विकास विभाग के निर्देश के बाद रांची नगर निगम सिटी बस चलाने की तैयारी में लग गया है।

सिटी बस सेवा के लिए पहले डीपीआर बनाने का काम होगा। इसके लिए ट्रांजैक्शन एडवाइजर का चयन किया जाना है।

हालांकि, बसों की खरीदारी के लिए गत दिनों निगम सभागार में प्राइवेट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड पर सिटी बस चलाने को लेकर चर्चा हुई थी।

पहले चरण में 200 सिटी बसों को व्यस्ततम इलाकों में चलाया जायेगा। इनमें रातू रोड से हरमू होते हुए बिरसा चौक, कांके से रातू रोड, रातू और नगड़ी सहित अन्य रूट शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि सिटी बस परिचलान के लिए रांची नगर निगम ने केंद्र सरकार से 500 सिटी बसों की मांग की थी।

फरवरी 2021 में रांची दौरे पर आये केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने निगम के अधिकारियों से शहर की परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कहा था।

साथ ही मंत्रालय की ओर से 500 बसें दिये जाने का आश्वासन दिया था। संभावना जतायी जा रही है कि जल्द ही बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू होगी।

Share This Article