सिंघु बॉर्डर से शव मिलने के बाद तनाव, निहंगों पर है हत्या का आरोप

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: सिंघु बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा के मुख्य मंच के पीछे पुलिस बेरिकेड्स पर लटका एक शव मिलने के बाद आसपास तनाव व्याप्त है। यह शव शुक्रवार तड़के मिला।

मौके पर पहुंची कुंडली पुलिस शव को कब्जे में लेकर सोनीपत सेंटर अस्पताल की मोर्चरी ले गई। सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच आंदोलन स्थल पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि जिस युवक की हत्या की गई है, उसपर गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप था। इससे नाराज निहंगों ने पहले उस युवक की बेरहमी से हत्या की और फिर उसे घसीटते हुए किसान मंच के पीछे लगे बेरिकेड्स पर लटका दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह जब पुलिस वहां पहुंची तो निहंगों ने पुलिस को शव उतारने से मना कर दिया।

उन्होंने पत्रकारों को भी फोटो लेने से रोका। बाद में किसान नेताओं ने आकर बीच-बचाव किया। उसके बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में ले पाई।

वारदात के सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए सोनीपत पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स को भी तैनात कर दिया गया है। आसपास के गांवों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। आंदोलन स्थल की ओर आने वाले रास्तों को बंद करा दिया गया है।

Share This Article