झारखंड में यहां चार बच्चों के साथ मां तालाब में कूदी, एक बच्ची की मौत, दूसरी लापता

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा: रविवार की शाम जयनगर थाना क्षेत्र के करजनियाटांड़ तालाब में एक महिला अपने चार बच्चों के साथ कूद गयी। घटना में उसकी एक बच्ची की मौत हो गयी, जबकि दूसरी बच्ची का पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार शाम के लगभग 5:30 बजे गोपालडीह निवासी तबस्सुम (35) ने अपने चार बच्चों के साथ तालाब में छलांग लगा दी।

घटना की जानकारी महिला की सास ने ग्रामीणों को दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल स्थित घाट पर पहुंचे और अथक प्रयास से महिला और उसके दो बच्चों को बचा लिया।

मगर, इस दौरान पांच वर्षीय बच्ची तानिया की मौत हो गयी, वहीं 10 वर्षीय बच्ची सानिया लापता है। संभावना है कि पानी में वह दब गयी है। समाचार लिखे जाने तक उसकी तलाश जारी थी।

इस दौरान आठ वर्षीय पुत्र साजिद और तीन वर्षीय पुत्री जानिया को सुरक्षित बचा लिया गया। इन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी लेते हुए थाना प्रभारी अब्दुल्लाह खान को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

लापता बच्ची की तलाश में थाना प्रभारी अब्दुल्लाह खान, एएसआई कुमार शिवम घटनास्थल पर कैंप किये हुए हैं। उक्त महिला का मायके बदडीहा बताया जाता है और पारिवारिक विवाद के बाद उसने उक्त घटना को अंजाम दिया।

Share This Article