रहें खबरदार! कोरोना जांच के नाम पर स्टेशन से रिम्स तक फैला है ठगों का जाल, मांडर के शख्स का 40 हजार रुपए से भरा बैग ले भागा जालसाज

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां कोरोना जांच के नाम पर स्टेशन पर उतरे मांडर के ही एक शख्स से 40 हजार रुपए की ठगी कर ली गई।

ठगों ने इस वारदात को रविवार की सुबह छह बजे अंजाम दिया। मामले में कंप्लेन करने पर बरियातू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ठग रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो चुका था।

ठगों का पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। थानेदार सपन महथा ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित ने अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, मांडर का रहने वाला शख्स रविवार की सुबह रांची रेलवे स्टेशन पर उतरा। जैसे ही वह स्टेशन से बाहर निकला, उस व्यक्ति को एक ठग ने पकड़ा।

कहा कि वह बिना कोरोना जांच कराए अपने घर नहीं जा सकता है। इसके बाद ठग उसे ऑटो से अपने साथ रिम्स ले गया। मेडिकल गोलचक्कर के पास दोनों ऑटो से उतरे। ठग ने पीड़ित व्यक्ति से कहा कि वह सामान को गोल चक्कर में ही रख दे।

रिम्स परिसर में उन्हें सामान नहीं ले जाने दिया जाएगा। पीड़ित ठग की बात सुनकर रुपए से भरा बैग गोलचक्कर पर ही रख दिया।

इसके बाद ठग पीड़ित को अपने साथ कोरोना जांच कराने के लिए ले गया और रिम्स गेट के पास पहुंचते ही ठग उसे छोड़कर भाग निकला।

पीड़ित व्यक्ति जब पीछे मुड़ा तो ठग नहीं था। इसके बाद वह उसे आसपास में खोजा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। तब पीड़ित को संदेह हुआ और वह गोलचक्कर के पास गया तो देखा कि बैग भी गायब है। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।

Share This Article