RANCHI : नौकरी छूटने के बाद से काम मिलने की आस में बस स्टैंड में ही रहता था बस ड्राइवर, स्टैंड में ही मिली उसकी लाश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सोमवार की सुबह-सुबह एक बस ड्राइवर का शव खादगढ़ा बस स्टैंड के टर्मिनल में मिला।

मृतक की शिनाख्त सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी नगर पिस्का मोड़ निवासी शंभु महतो के रूप में हुई। स्थानीय बसकर्मियों ने सुबह छह बजे खादगढ़ा टीओपी प्रभारी विकास आर्यन को इसकी सूचना दी।

लेकिन, टीओपी प्रभारी ने शव उठवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की। दोपहर एक बजे तक शव स्टैंड में ही पड़ा रहा। उसके बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी, तब दोपहर सवा एक बजे एएसआई मंटू सिंह दल-बल के साथ स्टैंड पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेजा।

बताया जा रहा है कि शंभु महतो बस चलाता था। उसकी नौकरी छूट गयी थी, जिसके बाद से वह स्टैंड में ही रहा करता था। काम नहीं मिलने के कारण वह शराब पीकर नशे में चूर रहता था।

रविवार की रात तक लोगों ने उसे स्टैंड के ही आस-पास घूमते देखा था।रविवार की रात को वह स्टैंड के टर्मिनल में ही सो गया था।

सोमवार की सुबह जब वह देर तक नहीं उठा, तो सफाईकर्मियों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन शंभु नहीं उठा। इस पर स्टैंड के कई स्टाफ वहां इकट्ठा हो गये। लोगों ने पाया कि शंभु की मौत हो गयी है।

बस चालकों ने बताया कि शंभु महतो की मौत की सूचना टीओपी प्रभारी विकास आर्यन को दी गयी, लेकिन उन्होंने इसकी कोई सुधि नहीं ली। दोपहर एक बजे तक शंभु का शव स्टैंड में ही लावारिस हालत में पड़ा रहा।

बाद में सूचना मिलने पर दोपहर डेढ़ बजे एएसआई ने शंभु के परिजनों को बुलाया और उसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेजा।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शंभु की मौत कैसे हुई, यह पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

Share This Article