रांची के इस इलाके में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हो गयी झड़प, जानिये क्या है वजह

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के चान्हो थाना स्थित सिलागांई में एकलव्य आवासीय विद्यालय निर्माण को लेकर मंगलवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गयी।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को ग्रामसभा के जरिये विवाद सुलझाने गये जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ ग्रामीण उलझ गये और बैरिकेडिंग तोड़ने लगे।

हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। जवाब में ग्रामीणों की तरफ से भी पथराव किया गया। इस झड़प के दौरान पुलिसकर्मी और पत्रकार, ग्रामीण सहित 12 लोग घायल हो गये हैं।

घायलों में पांच से अधिक पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। आरोप है कि ग्रामीणों ने खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी के वाहन का शीशा तोड़ दिया।

बताया गया कि जिला प्रशासन ने सिलागांई के ग्रामीणों के साथ ग्राम सभा करने की तैयारी की थी। इसका मकसद था कि गांव में बाहर के लोग न आ सकें।

इसके लिए सिलागाईं आनेवाले तमाम रास्तों पर पुलिस को तैनात किया गया था। पूरे इलाके में लगभग सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात थे। एसडीएम सहित कई अन्य अधिकारी भी पहुंचे थे।

लेकिन, ग्रामीणों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए गांव में प्रवेश कर गये। हालात को बिगड़ता देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 22 नवंबर को सिलागांई में एकलव्य आवासीय विद्यालय की बाउंड्री को भीड़ द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था और निर्माण कार्य में लगीं मशीनों को जला दिया गया था।

इस मामले में पुलिस ने 33 नामजद सहित एक हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ चान्हो थाना में प्राथमिकी दर्ज की थी।

प्राथमिकी में सिलागांई के मुखिया बुधराम उरांव सहित 32 अन्य लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। आदिवासी संगठन अमर शहीद वीर बुधु भगत के स्मारक स्थल पर विद्यालय निर्माण का विरोध कर रहे हैं।

उनका कहना है कि इस स्थान से शहीद वीर बुधु भगत की आस्था जुड़ी है। सरकार जहां चाहे स्कूल का निर्माण करा ले। यहां स्कूल का निर्माण नहीं होने देंगे।

Share This Article