झारखंड : मध्यस्थता से खत्म हुआ पति-पत्नी के बीच का विवाद

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (डालसा) के प्रयास से एक दंपती का घर फिर से बसने जा रहा है।

डालसा के बैनर तले चलाये गये पांच दिनी विशेष मध्यस्थता अभियान के तहत गुरुवार को मध्यस्थ एलके गिरि ने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को खत्म करा दिया।

गुरुवार को इस पांच दिनी विशेष मध्यस्थता अभियान का चौथा दिन था। इस दिन 16 मामलों को निष्पादन हुआ। इन्हीं में से एक मामला इस दंपती का भी था।

पत्नी रोहिणी ने अपने पति के खिलाफ भरण-पोषण के साथ-साथ दहेज प्रताड़ना का केस कर रखा था।

इससे पहले भी मध्यस्थता केंद्र में इस दंपती के मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने के कारण मध्यस्थता विफल हो गयी थी। फैमिली कोर्ट ने इस केस को सुलह के लिए फिर से मध्यस्थता केंद्र भेजा था।

गुरुवार को हुई मध्यस्थता में पति-पत्नी ने सुलह कर ली। दोनों अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ खूंटी स्थित अपने घर में रहने को तैयार हो गये।

अब पति अपनी पत्नी को उसके मायके से 16 जनवरी 2022 को विदाई कराकर ले जायेंगे। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और एक-दूसरे को मान-सम्मान देने का वादा किया है।

इस दंपती के बीच चल रहे विवाद को खत्म कराने में मध्यस्थ एलके गिरि, सह मध्यस्थ डॉ गनौरी राम और ख्वाजा एम अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शुक्रवार को यह विशेष मध्यस्थता अभियान संपन्न हो जायेगा।

Share This Article