अजीतेश संधू ने चेन्नई ओपन में तीन शॉट की बढ़त हासिल की

अजीतेश संधू ने चेन्नई ओपन के तीसरे दौर में चार अंडर 68 का शानदार कार्ड खेलकर तीन शॉट की बढ़त बनाई, कुल स्कोर 17 अंडर 199 रहा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई: भारतीय गोल्फर अजीतेश संधू ने बृहस्पतिवार को यहां एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले चेन्नई ओपन के तीसरे दौर में बिना कोई बोगी किए चार अंडर 68 का कार्ड बनाया जिससे उनकी कुल बढ़त तीन शॉट की हो गई।

चंडीगढ़ के गोल्फर संधू (65-66-68) ने दिन की शुरुआत दो शॉट की बढ़त के साथ की थी। उन्होंने चार बर्डी की मदद से बिना बोगी के तीसरा दौर खेला जिससे उनका कुल स्कोर 17 अंडर 199 का हो गया।

कोलकाता के विराज मदप्पा (72-67-63) ने दिन का सबसे कम स्कोर नौ अंडर 63 खेला। इसके साथ वह 14 अंडर 202 के कुल स्कोर के साथ नौ पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गए जबकि बीती रात वह संयुक्त 11वें स्थान पर थे।

मदप्पा दो बार डीपी विश्व पीजीटीआई खिताब जीत चुके हैं और एशियाई टूर चैंपियन भी रह चुके हैं।

बीती रात तक दूसरे स्थान पर चल रहे चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक (65-68-70) दो अंडर 70 के स्कोर के बाद 13 अंडर 203 के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए।

चंडीगढ़ के जयराज सिंह संधू (66-71-67) संयुक्त सातवें स्थान से ऊपर चढ़कर 12 अंडर 204 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनके साथ नोएडा के अमरदीप मलिक (67-68-69) भी संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।