
बरवाडीह: बरवाडीह थाना क्षेत्र में एक महिला पर जानलेवा हमला करने और उसके तीन वर्षीय बच्चे को जंगल में अकेला छोड़ने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मनिका थाना क्षेत्र निवासी शंकर सिंह उर्फ मंटू सिंह और बरवाडीह के अकराही निवासी अमरनाथ सिंह शामिल हैं।
रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीरेंद्र राम ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी अनुराग कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई थी। टीम ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त को महिला बरवाडीह चौक पर अपने परिचित शंकर सिंह से मिली थी। आरोप है कि शंकर सिंह अपने एक साथी के साथ महिला और उसके तीन वर्षीय बच्चे को बाइक से मनिका थाना क्षेत्र के नकटा जंगल ले गया। वहां महिला के साथ मारपीट की गई और उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई।
मारपीट के दौरान महिला बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जंगल में ही छोड़कर चले गए। महिला के तीन वर्षीय बच्चे को भी आरोपियों ने जंगल में अकेला छोड़ दिया। बाद में महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला के बयान के आधार पर 5 अगस्त 2026 को बरवाडीह थाना में कांड संख्या 52/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने शंकर सिंह उर्फ मंटू सिंह (30), पिता शंभू सिंह, निवासी मनिका थाना क्षेत्र, लातेहार और अमरनाथ सिंह (56), पिता स्व. कन्हाई सिंह, निवासी अकराही, बरवाडीह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई होंडा SP-125 मोटरसाइकिल (JH03AV-1830) और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नारायण ओझा, सहायक अवर निरीक्षक संजय चौधरी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

