एआई के स्थिर होने का इंतजार न करें, इसे अपनाएं: माइक्रोसॉफ्ट इंडिया प्रमुख

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया प्रमुख पुनीत चंडोक ने कारोबारियों को दी एआई के स्थिर होने का इंतजार किए बिना इसे तुरंत अपनाने की सलाह, इसरो की बैलगाड़ी वाली कहानी का दिया उदाहरण।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेंगलुरु: माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और दक्षिण एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंडोक ने मंगलवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) को अपनाना आसान है, लेकिन इसका वास्तविक प्रभाव धरातल पर दिखाना बड़ी चुनौती है।

उन्होंने कारोबारियों से कहा कि वे इस प्रौद्योगिकी को अपनाने से पहले इसके स्थिर होने का इंतजार न करें।

चंडोक ने बेंगलुरु प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन के 29 वें संस्करण में ‘एआई एंड बियॉन्ड’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का उदाहरण दिया।

bengaluru-news-microsoft-india-president-puneet-chandok-ai-adoption-isro-bullock-cart-example

उन्होंने बताया कि बेंगलुरु स्थित इसरो ने 1981 में एक उपग्रह के एंटीना का परीक्षण करने के लिए जरूरी उपकरणों को ले जाने के मकसद से 150 रुपये में बैलगाड़ी किराये पर ली थी, क्योंकि उसके पास परिवहन के पर्याप्त साधन नहीं थे।

उन्होंने उस घटना को याद करते हुए कहा, ‘‘पांच घंटे में समस्या हल हो गई।’’ उन्होंने कहा कि कुछ दशक बाद इसरो के चेयरमैन ने घोषणा की, ‘‘भारत चंद्रमा पर पहुंच गया है।’’

चंडोक ने जोर देकर कहा कि भारत की चंद्रमा तक पहुंचने की यात्रा किसी आलीशान कार या अन्य अत्याधुनिक वाहन से नहीं, बल्कि एक बैलगाड़ी से शुरू हुई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसरो ने आदर्श परिस्थितियों का इंतजार नहीं किया। उसने उपलब्ध संसाधनों के साथ शुरुआत की।’’

bengaluru-news-microsoft-india-president-puneet-chandok-ai-adoption-isro-bullock-cart-example

चंडोक ने एआई को अपनाने की तुलना करते हुए कहा कि भारत में उनकी मुलाकात कई ऐसे लोगों से हुई है, जिन्होंने उनसे कहा, ‘‘पुनीत, एआई को स्थिर हो जाने दीजिए, फिर हम शुरुआत करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि एआई स्थिर नहीं होने वाला है।’’ उन्होंने कहा कि अगर इसरो ने सही वाहन, परिवहन या बेहतर सुविधाओं का इंतजार किया होता तो भारत आज भी चंद्रमा पर पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहा होता।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।