बेरमो में CISF का बड़ा एक्शन: 46 छापेमारी, 395 टन अवैध कोयला और 36 वाहन जब्त

बेरमो में सीआईएसएफ ने जुलाई भर 46 छापेमारी कर 395 टन अवैध कोयला और 36 वाहन जब्त किए, 7 एफआईआर दर्ज हुईं, तस्करों पर शिकंजा और हेल्पलाइन जारी।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जुलाई भर चले अभियान में कोयला तस्करों पर शिकंजा, 7 एफआईआर दर्ज; सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी

बोकारो : बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ ने जुलाई माह के दौरान अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से दी गयी एमएमडीआर अधिनियम की शक्तियों का उपयोग करते हुए सीसीएल करगली यूनिट ने कमांडेंट राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में कुल 46 छापेमारी की।
अभियान के दौरान 395.480 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10,07,588 रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई के संबंध में एमएमडीआर अधिनियम के तहत 7 मामलों में स्थानीय पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई।
सीआईएसएफ ने कार्रवाई के दौरान कुल 36 वाहनों को जब्त किया, जिनमें 26 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 3 स्कूटर, 4 ऑटो और 2 पिकअप वाहन शामिल हैं। सभी जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
सीआईएसएफ के अनुसार अब राजमार्गों पर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही अवैध नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि रात के समय होने वाले अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाई जा सके और ‘जीरो कोल लीकेज’ के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
वहीं, जनसहयोग को बढ़ावा देने के लिए सीआईएसएफ ने हेल्पलाइन नंबर 7484974774 जारी किया है। इस नंबर पर मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share This Article