चार दिन का व्यापार महोत्सव संपन्न, 1.8 लाख लोग पहुंचे

भारत मंडपम में चार दिवसीय भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 संपन्न हुआ। 1.8 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी और 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबारी अवसरों ने इसे सफल बनाया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: भारत मंडपम में चार दिन के ‘भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) 2026’ का सोमवार को समापन हो गया। इस आयोजन में 1.8 लाख से अधिक आगंतुकों ने हिस्सा लिया और भारतीय व्यवसायों द्वारा घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार के विस्तार के लिए 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित हुए।

भारतीय कारोबारियों ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए इस मंच का इस्तेमाल किया।

कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और भारत व्यापार संवर्द्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस महोत्सव में कारोबारी, निर्माता, निर्यातक, स्टार्टअप, निवेशक, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, उपभोक्ता और विदेशी खरीदार शामिल हुए।

कैट के महासचिव एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि महोत्सव के दौरान कारोबारी बातचीत, खरीदार-विक्रेता बैठक, खरीद संबंधी बातचीत और साझेदारी पर चर्चा के जरिये 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावनाएं बनीं। इनमें से कई के आने वाले महीनों में कारोबारी सौदों में बदलने की उम्मीद है।

महोत्सव की प्रमुख विशेषता अंतरराष्ट्रीय भागीदारी रही। अफ्रीका, यूरोप, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और लातिनी अमेरिका के 23 देशों के 347 प्रतिनिधियों ने इसमें हिस्सा लिया।

कैट के अनुसार, विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय उद्यमों के साथ सामान खरीदने, रणनीतिक साझेदारी, संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी सहयोग, अनुबंध पर विनिर्माण और दीर्घकालिक व्यापार समझौतों की संभावनाएं तलाशीं। उनकी भागीदारी से विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला के केंद्र के रूप में भारत में बढ़ती अंतरराष्ट्रीय रुचि का पता चलता है।

महोत्सव में प्राइमार्क ग्रुप, रिलायंस रिटेल, ट्रिबर्ग, इम्पल्स और न्यू टाइम्स ग्रुप समेत 20 से अधिक प्रमुख ब्रांड प्रतिनिधियों और वैश्विक खरीद कंपनियों ने भी हिस्सा लिया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।