पटना : बिहार में एमएलसी चुनाव में अपनी ही पूर्व पार्टी के उम्मीदवार के ख़िलाफ़ चुनाव प्रचार करने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह ने नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है। अनंत सिंह ने कहा कि मतगणना पूरी हो गई है और हम हार गए हैं. अब इस पर क्या चर्चा करनी है? क्या हमने किसी दुकान से वोट खरीदे थे? क्या हमने वोट तौलकर लाए थे? जनता ही सबसे बड़ी ताक़त है और भगवान भी उसी के साथ हैं। जिन्हें जनता के वोट मिले, वे जीत गए और जिन्हें नहीं मिले, वे हार गए. वे जीत गए और हम हार गए। अब और क्या कहना है। जेडीयू नेता नीरज कुमार को बधाई देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं कभी पार्टी से नाराज़ नहीं रहा हूं। मैं उन्हें बधाई क्यों दूं? अब और क्या कहने को रह गया है। देखते हैं कि वह फ़ोन करते हैं या नहीं। अनंत सिंह के समर्थन वाले कैंडिडेट के हारने पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा, “जैसी करनी वैसी भरनी। पटना से एमएलसी का चुनाव जीतने के बाद नीरज कुमार ने कहा, “मैं इस जीत का श्रेय नीतीश कुमार, निशांत कुमार, सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान को देता हूं. जीत का जश्न मनाना अभी बाकी है।उधर बिहार में एमएलसी चुनाव के नतीजों पर मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि पटना में विधान परिषद के दो चुनाव हो रहे थे। एक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए और दूसरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए। दोनों के नतीजे लगभग आ चुके हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के उम्मीदवार नीरज कुमार की लगभग जीत हो चुकी है. हालांकि, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रोफ़ेसर नवल किशोर यादव पिछड़ गए हैं। मुझे लगता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। पटना से आरजेडी कैंडिडेट संजीव कुमार जीत गए हैं। उन्होंने इसे पूरे शिक्षक समुदाय की जीत बताया है।



