
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चाकुलिया–मटिहाना मुख्य सड़क पर दिवी गांव के समीप दो ट्रेलरों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय एक ट्रेलर बहरागोड़ा से चाकुलिया की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा चाकुलिया से बहरागोड़ा की दिशा में आ रहा था। अचानक हुई टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों वाहनों के चालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के दौरान कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते राहत कार्य नहीं किया जाता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

