
Women Empowerment Bihar : बिहार सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सहकारी बैंकों से जोड़ने की नई योजना लागू कर रही है। इस पहल के तहत महिलाओं को कम ब्याज दर पर ऋण और बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने राज्य सहकारी बैंक और जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों की समीक्षा बैठक में इस योजना की शुरुआत की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गोल्ड लोन, बीमा योजनाओं और अन्य बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाई जाए।
सरकार का फोकस स्वयं सहायता समूहों और संयुक्त देयता समूहों को मजबूत करने पर है, ताकि ग्रामीण महिलाएं छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू कर सकें। इसके तहत कम ब्याज दर पर ऋण और ब्याज में विशेष छूट देने की व्यवस्था की जा रही है।
बैठक में बढ़ते एनपीए पर भी चिंता जताई गई और ऋण वसूली के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि कर्ज लेकर फरार होने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार पहले ही महिला रोजगार योजना के तहत सहायता राशि दे चुकी है और अब इसे आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को और अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी है।

