
JTET Exam News : झारखंड के बोकारो में JTET परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने से अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। यह परीक्षा करीब 19 वर्षों बाद आयोजित की गई थी, जिससे अभ्यर्थियों में भारी उत्साह था, लेकिन अव्यवस्था ने नाराजगी में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित थी। अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे ही केंद्र में प्रवेश करा दिया गया था, लेकिन परीक्षा शुरू होने के समय पता चला कि एक सेट के 32 प्रश्न पत्र केंद्र पर पहुंचे ही नहीं हैं।
धनबाद चला गया प्रश्न पत्र सेट
अभ्यर्थियों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से लगातार आश्वासन दिया जाता रहा कि एक घंटे के भीतर प्रश्न पत्र पहुंच जाएगा। बताया गया कि संबंधित प्रश्न पत्र सेट गलती से धनबाद भेज दिया गया है। हालांकि दोपहर 1 बजे परीक्षा समाप्ति समय तक प्रश्न पत्र नहीं पहुंचा।
इससे नाराज परीक्षार्थियों ने केंद्र परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन पर भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
अभ्यर्थियों ने उठाए सवाल
परीक्षार्थियों का कहना है कि यदि समय पर व्यवस्था की जाती तो धनबाद से प्रश्न पत्र मंगाकर परीक्षा कराई जा सकती थी। कई छात्रों ने कहा कि उन्हें घंटों केंद्र में बैठाकर रखा गया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
अभ्यर्थियों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद मिली परीक्षा का मौका भी खराब कर दिया गया।
डीसी-एसपी पहुंचे, पुलिस बल तैनात
स्थिति बिगड़ते देख बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया।
मंत्री ने कहा- गंभीर मामला
बोकारो पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह परीक्षा एजेंसी की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त से रिपोर्ट लेकर मामले को सरकार के संज्ञान में लाया जाएगा।
अब अभ्यर्थी परीक्षा दोबारा कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

