बुढ़मू सीएचसी में 72 टीबी मरीजों को मिला निक्षय पोषण किट, बेहतर इलाज और पोषण सहायता पर जोर

बुढ़मू सीएचसी में निक्षय पोषण योजना के तहत 72 टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गई। डॉक्टरों ने नियमित इलाज, संतुलित आहार और टीबी उन्मूलन अभियान पर जोर दिया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Nikshay Poshan Yojana : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढ़मू में बुधवार को निक्षय पोषण योजना के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए 72 मरीजों के बीच निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया। यह पहल सीएमपीडीआई और आरके एचआईवी सेंटर के सहयोग से संपन्न हुई।

कार्यक्रम में सीएचसी बुढ़मू के चिकित्सक डॉ. ईरशाद अंसारी और डॉ. स्वाती मुर्मू की उपस्थिति में मरीजों को पोषण किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीबी के इलाज में दवाओं के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।

इस अवसर पर डॉ. ईरशाद अंसारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़मू में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और अनुभवी चिकित्सकों की मदद से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने टीबी मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की अपील की। साथ ही कहा कि सही इलाज और पर्याप्त पोषण से टीबी जैसी बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों को टीबी से बचाव, उपचार और पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित निक्षय पोषण योजना का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके।

कार्यक्रम के सफल संचालन में योगिता वोरकर, अनी भूषण राय, दीपक कुमार, गुड्डू ठाकुर, कौशल कुमार, परवेज खान, अफरोज अंसारी और शेखर कुमार सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित लोगों ने इस पहल को टीबी उन्मूलन अभियान की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि सामुदायिक सहयोग, समय पर उपचार और पोषण सहायता के माध्यम से टीबी मुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में मरीजों को नियमित जांच और उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।