
Absconding Accused : चंदवा थाना क्षेत्र के एक आपराधिक मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रविवार को पुलिस टीम ने आरोपी के पैतृक गांव पहुंचकर उसके घर पर विधिवत इश्तेहार चस्पा किया। साथ ही ढोल बजाकर ग्रामीणों को आरोपी की फरारी और न्यायालयीय आदेश की जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार चंदवा थाना कांड संख्या 100/25 बीएनएस के प्राथमिक अभियुक्त सूरज उरांव उर्फ कोड़े उरांव लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी के भय से लगातार फरार चल रहा है। मामले में न्यायालय द्वारा जारी आदेश के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके विरुद्ध इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की।
रविवार को पुनि सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के पैतृक गांव बरवाटोली पहुंची। वहां स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के घर पर न्यायालय का इश्तेहार चिपकाया गया। इसके अलावा बरवाटोली बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी इश्तेहार की प्रतियां लगाई गईं, ताकि आम लोगों को आरोपी के बारे में जानकारी मिल सके और उसकी गिरफ्तारी में सहयोग प्राप्त हो।
कार्रवाई के दौरान ढोल बजाकर गांव में मुनादी भी कराई गई। पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालयीय प्रक्रिया चल रही है और उसे निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण करना होगा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आरोपी की गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुनि सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी निर्धारित अवधि के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी अभियान भी चला रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार तिग्गा सहित झारखंड पुलिस के कई जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

