जोरहाट में वायुसेना का एन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त, हादसे का वीडियो आया सामने, 5 कर्मियों की मौत

असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पांच कर्मियों की मौत हुई, जबकि सह-पायलट घायल अवस्था में बचा लिया गया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Aircraft Crash : असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर हुए भारतीय वायुसेना के एन-32 परिवहन विमान हादसे का वीडियो सामने आया है। वीडियो में विमान की लैंडिंग से लेकर दुर्घटनाग्रस्त होने तक की पूरी घटना कैद हुई है। हादसे में भारतीय वायुसेना के पांच अधिकारियों और जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मी को बचा लिया गया।

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान सामान्य रूप से रनवे पर उतरता है, लेकिन लैंडिंग के कुछ ही क्षण बाद उसका संतुलन बिगड़ जाता है। विमान रनवे से फिसलकर घास वाले क्षेत्र में पहुंच जाता है। कुछ दूरी तक घास पर आगे बढ़ने के बाद विमान का अगला हिस्सा जमीन से टकराता है, जिससे वह दो हिस्सों में टूट जाता है। दुर्घटना के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर धुएं का बड़ा गुबार उठने लगा।

हादसे की सूचना मिलते ही एयरबेस की आपातकालीन एवं अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और विमान के सह-पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि विमान में सवार अन्य पांच कर्मियों को नहीं बचाया जा सका।

भारतीय वायुसेना ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने अपने प्राण गंवाए हैं। वायुसेना ने कहा कि सभी कर्मियों ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है और इस दुखद घड़ी में संगठन उनके परिवारों के साथ खड़ा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एन-32 परिवहन विमान अरुणाचल प्रदेश से उड़ान भरकर जोरहाट लौट रहा था। एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना एयरबेस परिसर के भीतर ही हुई, जिससे बाहरी क्षेत्र में किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।

वायुसेना और संबंधित एजेंसियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी, मौसम और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना का वीडियो सामने आने के बाद इस हादसे को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनका जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।