बड़गांव में मुस्लिम युवक की बेरहमी से हत्या पर अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान ने जताई सख़्त नाराजगी

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डीसी और एसपी से फोन पर बात कर तुरंत कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का दिया निर्देश

चतरा: जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मुस्लिम युवक मुहम्मद इमरोज, पिता सुल्तान मियां की कथित तौर पर लाठी, डंडे और पत्थरों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या किए जाने की घटना से इलाके में चिंता और दुख का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान ने इस घटना पर गहरा दुख और कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष इंसान को भीड़ के जरिए इस तरह पीटना और उसकी जान ले लेना बेहद दुखद और बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पूरी जांच होनी चाहिए और घटना में जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान ने चतरा के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से फोन पर बात की। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने साफ कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बड़गांव में सैकड़ों लोगों ने एक घर को घेर लिया। इसके बाद मुहम्मद इमरोज को कथित तौर पर घर से बाहर निकाला गया और उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि युवक को सड़क पर घसीटा गया और लाठी, डंडे और पत्थरों से बुरी तरह पीटा गया। युवक को बचाने की कोशिश करने वाले कुछ लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवक को काफी गंभीर मारपीट का सामना करना पड़ा।

इसके बाद पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में लेकर टंडवा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उसकी हालत बेहद गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। लेकिन हजारीबाग पहुंचने के बाद युवक ने दम तोड़ दिया। हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि धर्म के नाम पर हिंसा करना और भीड़ के हाथों किसी की जान लेना न तो इंसानियत है और न ही कानून की नजर में माफ करने लायक अपराध।उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह और भड़काऊ बातों को फैलने से रोका जाए, ताकि इलाके का माहौल खराब न हो। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की एक टीम उनके नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिलने जाएगी। टीम परिवार से पूरी जानकारी लेगी और पूरे मामले को समझने के बाद उचित कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।