

रांची : झारखंड में परिवार नियोजन सेवाओं की प्रगति, गुणवत्ता व लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर बुधवार को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा एक महत्वपूर्ण राज्य और जिला स्तरीय वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय परिवार कल्याण प्रभाग की एडिशनल कमिश्नर डॉ. इंदू ग्रेवाल ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में संचालित परिवार नियोजन गतिविधियों का मूल्यांकन करना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सूचकांकों में और सुधार लाना था।





वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी जिलों के सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO), जिला और प्रखंड स्तर के कार्यक्रम प्रबंधक तथा चिकित्सा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। राज्य स्तर से परिवार कल्याण की नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा और राज्य समन्वयकों ने भाग लिया।
समीक्षा के दौरान राज्य में उपलब्ध परिवार नियोजन सेवाओं की गुणवत्ता, जन-जागरूकता अभियानों के असर और तय लक्ष्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय अधिकारियों ने योग्य लाभार्थियों तक समयबद्ध सेवाएं पहुंचाने, पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता को और असरदार बनाने पर विशेष जोर दिया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के परिवार नियोजन कोषांग ने सभी जिलों को नियमित मॉनिटरिंग करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अधिक से अधिक पात्र दंपतियों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया है।
