राम मंदिर दान घोटाला मामले में कांग्रेस के इस नेता ने साधा केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : कांग्रेस के गोवा, दमन एवं दादराऔर नगर हवेली के प्रभारी और पूर्व मंत्री मानिक राव ठाकरे ने राम मंदिर दान में हुई कथित धांधली को लेकर केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। रांची में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे के बाद भी इस मामले में भाजपा या राज्य सरकार की ओर से कोई ठोस जवाबदेही तय नहीं की गई है।

मानिक राव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इस ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ था, तो इस घोटाले की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने पूछा कि अगर कोई गड़बड़ी नहीं हुई, तो ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा को इस्तीफा क्यों देना पड़ा और केवल छोटे कर्मचारियों पर ही कार्रवाई क्यों की जा रही है? विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट के अनुसार नोट गिनने वाले कर्मचारी खुली नकदी अपने कपड़ों, जेबों और जूतों में छिपाकर ले जाते पाए गए। ऐसी 70 घटनाएं सामने आने के बावजूद महज 8 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश की गई है। एसआईटी प्राण-प्रतिष्ठा पर लगभग 113 करोड़ और ध्वजारोहण कार्यक्रम पर लगभग ₹10.12 करोड़ के भारी-भरकम खर्चों के साथ-साथ फर्जी रसीदों और नकद चढ़ावे में हेराफेरी की जांच कर रही है।

आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी कृष्णमोहन को ट्रस्ट का नया महासचिव बनाए जाने पर भी कांग्रेस ने मामले को दबाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की देखरेख में एक स्वतंत्र और निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया द्वारा कराई जाए। पूर्व महासचिव चंपत राय, अनिल मिश्रा और अन्य रसूखदारों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। वर्तमान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर धर्माचार्यों, प्रतिष्ठित नागरिकों और विशेषज्ञों को शामिल कर एक नया पारदर्शी ट्रस्ट बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि मंदिर को मिले कुल चंदे, चढ़ावे और जमीन सौदों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि भगवान राम किसी राजनीतिक दल की बपौती नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था का केंद्र हैं। इस मौके पर पार्टी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रदेश महासचिव सह मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव राजीव रंजन और वरिष्ठ नेता शहजादा अनवर, सोनल शांति तथा राजन वर्मा उपस्थित थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।