
रांची : प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर की नाराजगी पर चिंता जतायी है। उन्होंने कहा है कि सरकार और कांग्रेस को उनकी पीड़ा समझनी चाहिए। उन्होंने नेतृत्व को सुझाव के तौर पर कहा कि वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर की पीड़ा सुननी चाहिए और देखना चाहिए कि उनका मामला इलाज के लायक है या लाइलाज है।
क्योंकि गठबंधन सरकार में निजी तौर पर रुठना और मंत्रिमंडल समूह तथा कांग्रेस संगठन के शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी राज्य के लिए बेवजह चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि कुछ दिनों से वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर का सरकार के साथ समन्वय ठीक नहीं चल रहा है और वह काफी नाराज़ चल रहे हैं। उन्होंने सरकारी बॉडीगार्ड,गाड़ी और ड्राइवर तक छोड़ दिया है।

