‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने 17 वर्षीय लड़की से ‘सामूहिक दुष्कर्म’ पर ‘महिला मुख्यमंत्री’ को घेरा

कालकाजी क्षेत्र में 17 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले पर सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना और उसके बाद लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमन (एलएसआर) द्वारा कक्षाएं ऑनलाइन संचालित किए जाने को लेकर बुधवार को दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। भारद्वाज ने कहा कि इस घटना ने राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पूछा कि भाजपा सरकार के तहत दिल्ली ने क्या हासिल किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा की महिला मुख्यमंत्री से दिल्ली ने क्या हासिल किया? अपने जन्मदिन पर कालकाजी मंदिर से लौट रही 17 वर्षीय लड़की से तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। एलएसआर जैसे प्रतिष्ठित कॉलेज को भी ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।’’

पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम को तीन लोगों आसिफ, हेमंत और उसके भाई मनीष ने कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क के अंदर 17 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म किया। इस कथित घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज ने मंगलवार को नियमित कक्षाएं रद्द कर दीं और बुधवार को कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने का फैसला किया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि उसकी छात्राओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

भारद्वाज ने महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर भी चिंता जताई और कहा, ‘‘हर रोज बच्चों से दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब विपक्षी नेता सरकार और पुलिस से सवाल करते हैं तो उन्हें मुकदमों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मंत्री ‘‘मानहानि के झूठे मुकदमे’’ दाखिल कर रहे हैं और पुलिस ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत और अन्य प्राथमिकियां दर्ज की हैं। इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।