एक मां ने DGP के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में दायर किया अवमानना का केस, जानिये क्या है मामला

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Contempt case in Jharkhand High Court: राज्य के DGP के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में अवमानना का केस दायर किया गया है। यह केस एक महिला ने दायर किया है, जिसका नाम शशि देवी है।

शशि देवी का बेटा शुभम सिंह पुलिस की गोली से मारा गया था। पुलिस ने इसे मुठभेड़ में हुई मौत बताया था। शुभम सिंह धनबाद के बैंक मोड़ स्थित Muthoot Fincorp में हुई डकैती के मामले में आरोपी था।

शुभम सिंह की पुलिस की गोली लगने से हुई मौत के मामले की जांच को लेकर झारखंड हाई कोर्ट ने एक निर्देश दिया था। उसी निर्देश का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए शुभम की मां शशि देवी ने DGP के खिलाफ हाई कोर्ट में अवमानना का केस दायर किया है।

क्या है मामला?

शशि देवी के अधिवक्ता मो. जावेद ने बताया है कि 22 सितंबर 2023 को शशि देवी ने झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में DGP को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने इस मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराने का आग्रह किया था। दरअसल, झारखंड हाई कोर्ट ने रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए शशि देवी को निर्देश दिया था कि वह दो सप्ताह के अंदर DGP को आवेदन दें।

हाई कोर्ट ने DGP को भी निर्देश दिया था कि आवेदन प्राप्त होने के तीन सप्ताह के अंदर उचित निर्णय लें।

अधिवक्ता मो. जावेद ने बताया कि शशि देवी ने DGP को दिये आवेदन में कहा था कि बैंक मोड़ थाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर डॉ प्रमोद कुमार सिंह ने जान-बूझकर उनके इकलौते बेटे शुभम की एके-47 रायफल से गोली मारकर हत्या की थी।

पुलिस ने इस हत्या को मुठभेड़ में हुई मौत बताया था। आवेदन में शशि देवी ने कहा कहा था कि यह मुठभेड़ नहीं, बल्कि हत्या है, इसलिए इस मामले की स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच करायी जाये।

Share This Article