
Jantar Mantar Protest: देश की शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म होता जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के बाद अब “कॉकरोच जनता पार्टी” ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को तेज कर दिया है।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थकों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद संगठन ने केंद्र सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो आंदोलन को देशव्यापी रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद अभिजीत दीपके ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और इसमें कई ऐसे लोग भी शामिल हुए जिन्होंने पहली बार किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने दावा किया कि यह केवल शुरुआत है और आगे आंदोलन और तेज होगा।
वहीं पार्टी के प्रवक्ता आशीष रांका ने बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार के पास अब केवल एक सप्ताह का समय है। उनके अनुसार या तो मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्हें पद से हटाना चाहिए, अन्यथा आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे देश की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं और इस अभियान को आगे भी जारी रखेंगे। जंतर-मंतर पर हुई इस गतिविधि के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

