नई दिल्ली: सबवे रेस्तरां का संचालन करने वाली कंपनी एवरब्रांड्स इंडिया लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 600 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास दस्तावेजों का मसौदा दाखिल किया हैं। कंपनी द्वारा सोमवार को दाखिल दस्तावेजों के मसौदे (डीआरएचपी) के अनुसार, इस आईपीओ में पूरी तरह नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।

एवरब्रांड्स इंडिया आईपीओ से प्राप्त राशि में से 125 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी कुलिनरी ब्रांड्स इंडिया के कर्ज के भुगतान में करेगी। वहीं 326.85 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी के स्वामित्व और कंपनी द्वारा संचालित (सीओसीओ) प्रारूप में नए सबवे स्टोर स्थापित करने के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा। एवरब्रांड्स इंडिया का नाम पहले कुलिनरी ब्रांड्स प्राइवेट लिमिटेड था। यह सबवे, लावाजा, दिलमाह और अपने ब्रांड फ्रेश एंड ऑनेस्ट सहित कई ब्रांड वाला खाद्य एवं पेय मंच है। त्वरित सेवा रेस्तरां (क्यूएसआर) क्षेत्र में कंपनी के पास भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में सबवे रेस्तरां के लिए मास्टर फ्रेंचाइजी अधिकार हैं।


