झारखंड में यहां पुलिस और उग्रवादियों में हुई फायरिंग, आठ कांडों में वांटेड एक उग्रवादी गिरफ्तार

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर : पुलिस और टीएसपीसी उग्रवादियों के बीच हुई फायरिंग के बाद शुक्रवार को पुलिस ने आठ कांडों में वांछित उग्रवादी किसलय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, दो गोली और एक खोखा समेत पर्चा बरामद किये हैं।

पलामू पुलिस चतरा जिले के सीमावर्ती मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के खिलाफ कार्रवाई करने गयी थी, जहां पुलिस पर फायरिंग की गयी।

आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सर्च अभियान में टीएसपीसी उग्रवादी और आठ कांडों के आरोपी किसलय कुमार सिंह को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि उग्रवादी संगठन टीएसपीसी का जोनल कमांडर शशिकांत अपने दस्ते के साथ मनातू थाना एवं कुंदा थाना के सीमावर्ती क्षेत्रों में है।

उसकी मंशा ठेकेदारों से लेवी वसूली है। वह अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।

सूचना पर मनातू थाना प्रभारी पवन कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) बिजेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व मंस अलग-अलग टीमें बनायी गयीं। दोनों टीमें मनातू से करीब 3:15 बजे सुबह डुमरी के लिए निकली। वहां से पैदल केदल जंगल की ओर गयी।

सुबह करीब 4:45 बजे जब दोनों टीमें केदल के पूर्व में स्थित जंगल की ओर बढ़ी, तो कुछ दूरी पर कुछ लोगों की हलचल दिखाई दी।

पुलिस की टीम सतर्कता के साथ आगे बढ़ी, तभी टीएसपीसी उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की फायरिंग से घबराकर उग्रवादी जंगल की ओर भागने लगे, जिसमें एक उग्रवादी भागने के क्रम में संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गया।

उसे पुलिस टीम द्वारा पकड़ लिया गया और उसके हाथ में पकड़े हुए देसी कट्टा को छीना गया।

पूछताछ के क्रम में उस व्यक्ति ने अपना नाम किसलय कुमार सिंह बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो जिंदा गोली और टीएसपीसी संगठन का नारा लिखा हुआ पांच पर्चा बरामद किया गया। घटनास्थल पर तलाशी लेने पर एक खोखा भी बरामद हुआ।

Share This Article