नयी दिल्ली: सौर ऊर्जा और पावर बैकअप समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी फुजियामा पावर सिस्टम्स मध्य प्रदेश के रतलाम में 1.2 गीगावाट क्षमता का सौर सेल विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। कंपनी का यह कदम वर्ष 2030 तक एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी बनने की उसकी योजना का हिस्सा है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक पवन गर्ग ने पीटीआई-भाषा को बताया कि प्रस्तावित नई परियोजना में उन्नत ‘टॉपकॉन’ प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाएगा और चालू वित्त वर्ष के अंत तक यहां सौर सेल का उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।
)
गर्ग ने कहा, ‘‘हम मध्य प्रदेश के रतलाम में 1.2 गीगावाट क्षमता का नया सौर सेल विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रहे हैं।’’
इस परियोजना पर करीब 350 से 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। संयंत्र के शुरू होने के बाद कंपनी की कुल सौर सेल विनिर्माण क्षमता बढ़कर 2.3 गीगावाट हो जाएगी। फिलहाल कंपनी उत्तर प्रदेश के दादरी में 1.1 गीगावाट क्षमता का सेल संयंत्र संचालित करती है।
टॉपकॉन यानी टनल ऑक्साइड पैसिवेटेड कॉन्टैक्ट प्रौद्योगिकी पारंपरिक पीईआरसी यानी पैसिवेटेड एमिटर एंड रियर सेल प्रौद्योगिकी की तुलना में अधिक दक्ष मानी जाती है।

कंपनी की 2030 की रूपरेखा में आगे चलकर इंगट और वेफर विनिर्माण इकाइयां स्थापित करना भी शामिल है। कंपनी का मानना है कि इससे सौर मॉड्यूल निर्माण के लिए आवश्यक कच्चे माल की लागत कम करने और घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
फुजियामा पावर सिस्टम्स की कुल सौर मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता 3.6 गीगावाट है। इसमें रतलाम में दो गीगावाट, दादरी में 1.2 गीगावाट और नोएडा में 0.4 गीगावाट क्षमता शामिल है।
सौर मॉड्यूल के निर्माण में सौर सेल की आवश्यकता होती है, जबकि सेल निर्माण के लिए वेफर और इंगट जरूरी होते हैं। ऐसे में कंपनी का सेल के साथ-साथ आगे वेफर और इंगट उत्पादन में उतरना सौर विनिर्माण श्रृंखला में उसके एकीकरण को और मजबूत करेगा।
कंपनी का यह विस्तार सरकार की मॉडल और विनिर्माताओं की अनुमोदित सूची (एएलएमएम) पहल के अनुरूप भी है। एएलएमएम का उद्देश्य सौर परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना है।
वित्त वर्ष 2025-26 में फुजियामा पावर सिस्टम्स ने 2,654 करोड़ रुपये का कारोबार, 490 करोड़ रुपये की कर-पूर्व-आय और 304 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।


