
Surprise Inspection: पलामू प्रमंडल की आयुक्त कुमुद सहाय ने गढ़वा के श्रीबंशीधर नगर स्थित अनुमंडलीय अस्पताल और रमना प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अनुपस्थित कर्मियों का निरीक्षण दिवस का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित थे, जबकि मरीजों की भीड़ के बीच केवल एक चिकित्सक ही मौजूद था। इस स्थिति पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान एक गंभीर मामला भी सामने आया, जहां तेज बुखार से पीड़ित एक बच्चे को चिकित्सक द्वारा समय पर नहीं देखा गया था। इस पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि मरीजों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा अस्पताल परिसर, वार्ड और शौचालयों में गंदगी व अव्यवस्था पाए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं की मजबूती और चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद आयुक्त ने रमना प्रखंड कार्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां उपस्थिति पंजी और अन्य अभिलेखों की जांच में कई कर्मियों की अनुपस्थिति सामने आई। इस पर उन्होंने कार्यालय में अनुशासन और समयपालन को लेकर सख्त निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया।

