गिरिडीह में ट्रक चालक को अपराधियों ने मारी गोली, इलाज के दौरा मौत

यह घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र की है, मृतक सत्यनारायण प्रजापति राजस्थान के भीलवाड़ा जिला अंतर्गत शाहपुर का निवासी था

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: नेशनल हाइवे पर डीजल की कटिंग (Diesel Cutting) करने वाले अपराधियों ने एक ट्रक चालक की पिटाई की और फिर गोली मार दी।

इलाज के दौरान धनबाद में घायल चालक की मौत (Driver’s Death) हो गई। यह घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र की है। मृतक सत्यनारायण प्रजापति राजस्थान के भीलवाड़ा जिला अंतर्गत शाहपुर का निवासी था।

बताया जाता है कि ट्रक (आरजे 09जीबी 1106) आयरन ब्लेड लोड कर दुर्गापुर से ग्वालियर जा रहा था।

निमियाघाट-डुमरी बॉर्डर पर गुरुवार रात करीब एक बजे ट्रक खराब हो गया, जिस कारण से गाड़ी रोड किनारे खड़ी कर दी गई। इस बीच रात लगभग 2:30 बजे एक चार पहिया वाहन ट्रक के आगे खड़ा हो गया।

उसपर सवार अपराधी नीचे उतरे और ट्रक की टंकी से डीजल की चोरी करने लगे। इस बीच ड्राइवर जग गया और अपराधियों से कहासुनी होने लगी।

इस बीच अपराधियों ने लोहे के रॉड से चालक पर वार कर दिया। इसपर भी चालक विरोध करने लगा तो अपराधियों ने उसकी जांघ में गोली मार दी।

जल्द ही सभी पकड़े जाएंगे

इस बीच गश्त पर निकले निमियाघाट थाना प्रभारी साधन कुमार को पूरी घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और इस मामले से SP दीपक कुमार शर्मा और SDPO सुमित कुमार को भी अवगत कराया।

इसके बाद घायल चालक को डुमरी रेफरल अस्पताल लाया, जहां से उसे धनबाद रेफर कर दिया गया, जहां चालक ने दम तोड़ दिया। घटना की पूरी जानकारी वाहन के खलासी सुरेश धाकड़ (जिला भीलवाड़ा, राजस्थान) ने पुलिस को दी है।

गिरिडीह SP दीपक कुमार शर्मा (SP Deepak Kumar Sharma) ने शुक्रवार को बताया कि डीजल की कटिंग करने वाले अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी पकड़े जाएंगे।

Share This Article