बिहार के गोपालगंज में किसानों-मजदूरों से भरी नाव पलटी, तीन की मौत

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में बेतिया-गोपालगंज सीमा पर स्थित भगवानपुर गांव के गंडक नदी में नदी पार कर खेती करने जा रहे किसानों और मजदूरों से भरी नाव पलट गई है।

इससे 24 किसानों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल से तीन लोगों का शव बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक गोपालगंज जिले के बेतिया-गोपालगंज सीमा पर स्थित भगवानपुर गांव के समीप बुधवार सुबह मजदूरों से भरी नाव पलट गई।

नाव पर 24 मजदूर और किसान सवार थे। अब तक तीन मजदूरों के शव निकाले गये हैं। इसमें एक महिला भी हैं।

ये सभी खेत में काम करने जाने के क्रम में नाव से नदी पार कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

डूबने वालों में कुचायकोट एवं विशम्भरपुर थाना क्षेत्र के कई किसान हैं। बताया गया है कि नाव पर ट्रैक्टर लादकर नाविक समेत 24 मजदूर गन्ना छीलने दियारा (बालू वाली जमीन) जा रहे थे।

नाव पर ट्रैक्टर को लोड किया जा रहा था। इसी दौरान किसी ने ट्रैक्टर को चालू कर दिया। ट्रैक्टर के डाला पर बैठे लोग सीधे पानी में गिर गए, जिससे यह हादसा हुआ है।

नाव पर सवार सभी लोग बेतिया की ओर जा रहे थे। नाव हादसा होने के बाद गंडक नदी के घाट पर कोहराम मच गया ।

घटना स्थल पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम शवों की तलाश में जुटी है। अब तक तीन लोगों के शव मिलने की बात कही जा रही है।

नदी में डूबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।करीब डेढ़ दर्जन लोग लापता बताए जा रहे हैं। आधा दर्जन लोगों को बेहोशी की अवस्था में निकाला गया है।

इन्हें गोपालगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर सवार सभी महिला पुरुष गोपालगंज के बताए जा रहे हैं।

घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि एक ट्रैक्टर को खेती करने के लिए नदी के पार नाव पर लोड करके ले जाया जा रहा था।

ट्रैक्टर की ट्रॉली पर करीब 25 लोग सवार थे। इस दौरान किसी ने ट्रैक्टर में लगे म्यूजिक सिस्टम को चालू करने के लिए ट्रैक्टर को स्टार्ट कर दिया।

इसके बाद गियर में खड़ी ट्रैक्टर आगे बढ़ गई। ट्रैक्टर लोगों और नाव समेत नदी में पलट गई। इसके बाद 4-पांच लोग तैर कर बाहर निकल गए जबकि 15 से ज्यादा लोग अभी भी लापता है। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो महिला शामिल है। जारी….

Share This Article