
Hemant Soren : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बालू माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार को खान एवं भू-तत्व तथा भवन निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि खनिज संपदा के दोहन में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से नीलाम किए जा चुके 300 बालू घाटों को जल्द संचालित करने का निर्देश दिया। सरकार को इन घाटों से लगभग 3,000 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है।
बंद खदानें चालू करें, नहीं तो रद्द होगी लीज
बैठक में बंद पड़ी खदानों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन खदानों में उत्पादन नहीं हो रहा है, उन्हें तत्काल चालू कराया जाए। यदि ऐसा संभव नहीं हो तो उनकी लीज रद्द कर दोबारा नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही नीलाम हो चुके लेकिन अब तक शुरू नहीं हो पाए कोल ब्लॉकों को भी जल्द संचालित करने के निर्देश दिए गए।
स्वर्ण खनन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने झारखंड में गोल्ड माइनिंग की संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने राज्य की सात स्वर्ण खदानों में उत्पादन बढ़ाने और नई संभावित स्वर्ण खदानों की नीलामी प्रक्रिया तेज करने को कहा। इसके अलावा JSMDC और JMECL को मजबूत बनाकर रोजगार और राजस्व सृजन बढ़ाने पर भी फोकस करने का निर्देश दिया।
सरकारी परियोजनाएं समय पर पूरी करने का निर्देश
भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी भवनों और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

