गुमला में बालिका छात्रावास का लोकार्पण, राज्यपाल ने कहा- बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla News: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को गुमला जिले के रायडीह प्रखंड के भलमण्डा में बिन्देश्वरी लाल साहू सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में नवनिर्मित बालिका छात्रावास का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार के समन्वय से ही समाज का सशक्त निर्माण संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा, “शिक्षा वही जो संस्कार दे, और संस्कार वही जो समाज को दिशा दे। यह छात्रावास उसी विचार का मूर्त रूप है।”

स्वावलंबन और आत्मबल का केंद्र

राज्यपाल ने मातुश्री काशीबा हरिभाई गोटी चेरिटेबल ट्रस्ट, सूरत, गुजरात द्वारा निर्मित 236वें सरस्वतीधाम (बालिका छात्रावास) को ग्रामीण और जनजातीय बालिकाओं के लिए स्वावलंबन, आत्मबल, और उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता, और राष्ट्र सेवा का केंद्र बनेगा। उन्होंने ट्रस्ट के केशुभाई को 236 सरस्वतीधाम स्थापित करने के लिए बधाई दी।

बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण ‘बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा’ का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की स्थापना जनजातीय प्रतिभाओं को शिक्षा और अवसर देने की दिशा में सशक्त कदम है।

उन्होंने विद्या विकास समिति की सराहना की, जो सैकड़ों विद्यालयों के माध्यम से झारखंड के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार, और सामाजिक चेतना का प्रसार कर रही है।

शहीद अल्बर्ट एक्का को नमन

लोकार्पण समारोह में राज्यपाल ने परमवीर चक्र विजेता शहीद लांसनायक अल्बर्ट एक्का को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनकी वीरता और बलिदान झारखंड के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

Share This Article