वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप करने से आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा भारत

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुबई: वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप करने से भारत सोमवार को आईसीसी पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गया।

भारत ने कोलकाता में रविवार को तीसरे और अंतिम टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 17 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया।

इस शानदार प्रदर्शन से भारत टी20 टीम रैंकिंग में इंग्लैंड को शीर्ष से हटाने में सफल रहा।

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम की भी इंग्लैंड के बराबर 269 रेटिंग है। भारत इससे पहले 2016 में नंबर एक पर पहुंचा था। वह तब दो महीने से थोड़ा अधिक समय तक शीर्ष पर काबिज रहा था।

भारत और इंग्लैंड दोनों की 39 मैचों में 269 रेटिंग है लेकिन भारत के 10,484 अंक हैं जो कि इंग्लैंड (10474) से 10 अधिक हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बयान के अनुसार पाकिस्तान (रेटिंग 266), न्यूजीलैंड (255) और दक्षिण अफ्रीका (253) शीर्ष पांच में शामिल हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया (249) श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला में 4-1 से जीत के बाद छठे स्थान पर बना हुआ है।

वेस्टइंडीज (235) सातवें नंबर पर है। उसके बाद अफगानिस्तान (232), श्रीलंका (231) और बांग्लादेश (231) का नंबर आता है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को समाप्त हुई श्रृंखला से पहले भारत ने पिछले साल नवंबर में न्यूजीलैंड को घरेलू मैदानों पर 3-0 से हराया था।

Share This Article