जामताड़ा में छात्रा की बहादुरी से नाकाम हुई मनचले की हरकत, छेड़छाड़ के आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

जामताड़ा में कोचिंग जा रही नाबालिग छात्रा ने साहस दिखाकर छेड़छाड़ के आरोपी को बेनकाब किया। शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara News : कोचिंग के लिए जा रही एक नाबालिग छात्रा ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए छेड़छाड़ की घटना को बड़ी वारदात में बदलने से रोक दिया। छात्रा की बहादुरी के कारण आरोपी को मौके पर ही लोगों ने पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जामताड़ा के टावर चौक स्थित आईसीआईसीआई बैंक के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, छात्रा रोजाना की तरह कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान झालमुड़ी बेचने वाले 50 वर्षीय गोपाल गुप्ता ने उसे अकेला पाकर कथित रूप से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया।

आरोपी की हरकत से घबराने के बजाय छात्रा ने हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उसने आसपास पड़े पत्थर उठाकर आरोपी की ओर फेंके, जिससे राहगीरों और दुकानदारों का ध्यान उसकी ओर गया।

छात्रा की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति समझते ही आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सड़क पर हंगामे की सूचना मिलने के बाद जामताड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी गोपाल गुप्ता सरखेलडीह इलाके में किराए के मकान में रहता है।

स्थानीय लोग छात्रा की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं और उसकी सतर्कता को अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक बता रहे हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।