सूदखोरों के ठिकानों पर पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन, 321 किलो चांदी-4 किलो सोना देख अधिकारी भी रह गए हैरान

झालावाड़ में अवैध सूदखोरी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। छापेमारी में 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37.35 लाख नकद और कई कृषि उपकरण व दस्तावेज जब्त किए गए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Rajasthan News : राजस्थान के झालावाड़ जिले में अवैध सूदखोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस अभियान में पुलिस ने भारी मात्रा में सोना-चांदी, लाखों रुपये नकद, कृषि उपकरण, वाहन और लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामान की मात्रा देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान करीब 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37.35 लाख रुपये नकद, 128 थ्रेशर मशीनें, 35 कल्टीवेटर, 25 ट्रॉलियां, तीन ट्रैक्टर और कई वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, चेकबुक, खाली स्टांप पेपर, लेन-देन की डायरियां और गिरवी रखे गए जेवरों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में यह अभियान जिले के मनोहरथाना, जावर, पिड़ावा, सुनेल और घाटोली थाना क्षेत्रों में चलाया गया। जांच में सामने आया कि कुछ लोग बिना वैध लाइसेंस के गरीबों और किसानों को ऊंचे ब्याज पर पैसे उधार देते थे। कर्ज के बदले लोगों के आभूषण, कृषि उपकरण और अन्य संपत्तियां गिरवी रख ली जाती थीं।

पुलिस ने मनोहरथाना क्षेत्र के कृष्ण गोपाल, राजाराम, भारत सिंह और भप्पा सोनी उर्फ श्रीकिशन समेत कई लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। इसके अलावा जावर, पिड़ावा, सुनेल और घाटोली क्षेत्रों में भी कार्रवाई कर कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस को छह जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। वहीं बरामद दस्तावेजों के आधार पर पुलिस पूरे आर्थिक नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध सूदखोरी के इस जाल में कितने किसान और जरूरतमंद लोग फंसे थे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आर्थिक जरूरत पड़ने पर केवल अधिकृत बैंक या वित्तीय संस्थानों से ही ऋण लें। यदि कोई व्यक्ति अवैध तरीके से ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर संपत्ति या जेवर गिरवी रखने का दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।