
OBC Representation Congress : झारखंड प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। लगभग 20 महीने बाद भी नई प्रदेश कमेटी न बन पाने के कारण पुरानी कमेटी से काम चलाया जा रहा था, लेकिन अब जल्द ही नई टीम घोषित होने की उम्मीद जगी है।
केशव महतो कमलेश नई प्रदेश कमेटी के संभावित सदस्यों की सूची लेकर दिल्ली पहु़ंच गए हैं। उनके साथ पार्टी के ओबीसी विभाग के चेयरमैन अभिलाष साहू भी दिल्ली गए हैं।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि इस बार पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से नई कमेटी गठित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और सभी जिलाध्यक्षों से रायशुमारी और सहमति के बाद ही नामों की सूची तैयार की गई है।
केशव महतो कमलेश ने बताया कि झारखंड कांग्रेस के प्रभारी राजू के साथ विस्तृत बैठक की जाएगी, जिसमें नई कमेटी के सदस्यों पर गहन मंथन होगा। इसके बाद फाइनल सूची पार्टी आलाकमान को सौंपी जाएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस महीने (अप्रैल 2026) तक झारखंड प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। दिल्ली के साथ गए ओबीसी विभाग के चेयरमैन अभिलाष साहू ने कहा कि राज्य के सभी सीनियर नेताओं, मंत्रियों और विधायकों से विस्तृत रायशुमारी के बाद ही नई कमेटी बनाई जा रही है।
अभिलाष साहू ने जोर देकर कहा कि इस बार राहुल गांधी के विजन के अनुरूप “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी” के सिद्धांत पर कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व देने की बात कही।
केशव महतो कमलेश को 16 अगस्त 2024 को झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तब से अब तक नई प्रदेश कमेटी गठित नहीं हो पाई थी और पुरानी कमेटी से ही पार्टी का कामकाज चल रहा था। अब लगभग 20 महीने बाद नई कमेटी बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद जगी है।

