
रांची: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने शहरी झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में रहने वाले लोगों को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। राज्य योजना के तहत संचालित ‘मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक’ के प्रबंधन और संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के मद में कुल 5,41,29,600 रुपए की राशि स्वीकृत कर आवंटित कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस राशि का वितरण राज्य के तीन प्रमुख जिलों के लिए किया गया है। जिसमें रांची को 2,31,98,400 रुपए,बपूर्वी सिंहभूम 2,19,09,600 और सरायकेला-खरसावां 90,21,600 रुपए शामिल है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी गरीब और स्लम क्षेत्रों में रहने वाली आबादी तक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना है। स्वीकृत आदेश के तहत आवंटित राशि की निकासी और व्यय के लिए संबंधित जिलों के सिविल सर्जन को ही अधिकृत निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी बनाया गया है। बजट का यह खर्च ‘मुख्यमंत्री हाट बाजार एवं मोहल्ला क्लिनिक’ प्रशासनिक व्यय के तहत वहन किया जाएगा।

