रांची: 28 सितंबर 2026 को लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड मैदान में आयोजित जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की राजनीतिक सभा के दौरान रविदास समाज के खिलाफ कथित रूप से जातिसूचक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले को लेकर झारखंड प्रदेश गुरु रविदास महासभा में भारी रोष है। महासभा ने दोषी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मंगलवार को महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार रवि के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्थित अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। इसके साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और डिजिटल साक्ष्य पेन ड्राइव के जरिए पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। महासभा ने आग्रह किया है कि वीडियो की निष्पक्ष जांच कर टिप्पणी करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और मामले में शामिल अन्य तथ्यों की पड़ताल कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार रवि ने कहा कि राजनीतिक विचारधारा से ऊपर समाज की गरिमा और सम्मान का सवाल है। सार्वजनिक मंच से अनुसूचित जाति समाज के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल की निष्पक्ष जांच जरूरी है। वहीं महासभा के महासचिव दीपक राम और प्रदेश महासचिव प्रदीप रवि ने कहा कि समाज अपने संवैधानिक अधिकारों और सम्मान से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महासभा का मकसद किसी दल विशेष से विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि कानून के तहत न्याय सुनिश्चित कराना है।
महासभा ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध और निष्पक्ष जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से बड़े पैमाने पर आंदोलन करने और सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार रवि, महासचिव दीपक राम, प्रदेश महासचिव प्रदीप रवि, कांटाटोली के उपचौधरी रंजीत राम और समाजसेवी संदीप राम सहित कई सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद थे।


