विकास और पर्यटन का नया अध्याय : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के लोध फॉल दौरे से लातेहार में जगी नई आशा

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने लोध फॉल और नेतरहाट का दौरा कर पर्यटन विकास, इको-टूरिज्म, रोजगार सृजन और स्थानीय सुविधाओं के विस्तार की घोषणा की।

8 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: महुआडांड़ प्रकृति की गोद में बसे लातेहार जिले के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अपने पूरे परिवार के साथ जिले के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों-झारखंड के सबसे ऊंचे जलप्रपात लोध फॉल और रानी कहे जाने वाले नेतरहाट का भ्रमण किया। मंत्री के इस दौरे ने न केवल क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने का संकल्प दिया, बल्कि पर्यटन को नई दिशा देने की उम्मीद भी जगाई है।

डाक बंगला परिसर बना जनसैलाब, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

मंत्री के महुआडांड़ आगमन पर डाक बंगला परिसर पूरी तरह से जनसैलाब में तब्दील हो गया। सुबह से ही सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कार्यकर्ता, समाजसेवी और दर्जनों पंचायतों के मुखिया व समिति सदस्य मंत्री के स्वागत के लिए एकत्रित हो गए थेस्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व आदिवासी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर और युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहैल ने किया। ढोल-नगाड़ों की थाप, फूल-मालाओं और “दीपिका दीदी जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर लातेहार डीडीसी सैय्यद अहमद, महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष बैठा, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, महिला थाना प्रभारी सुशीला केशरी, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भानु प्रसाद, जिला महासचिव रामनरेश ठाकुर, जिला सचिव अजय प्रसाद, जिला सोशल मीडिया चेयरमैन राजेश ठाकुर, कांग्रेस महिला जिला महासचिव सुषमा कुजूर एवं निर्मला कुजूर, कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष नसीम अंसारी, संजय तिग्गा, प्रखंड मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी, कांग्रेस नेता रानु खान, बसारत अली, रिंकु खान, गुडडू खान, युवा कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष सुबोध खलखो, पप्पू खान, स्पोर्ट्स प्रभारी शहीद अख्तर, सचिव तनवीर आजाद, सलमान अहमद, रहमान अहमद, बाबु इमरानसहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

JSLPS दीदियों के आदिवासी नृत्य से स्वागत, मंत्री हुईं भाव-विभोर

डाक बंगला में स्वागत के पश्चात मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सीधे लोध जलप्रपात पहुंचीं। यहां उनका स्वागत एकदम पारंपरिक अंदाज में हुआ। JSLPS महुआडांड़ की दीदियों ने विभाग की ओर से मनमोहक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा और मादल की धुन पर थिरकती दीदियों को देखकर मंत्री स्वयं भाव-विभोर हो गईं।मंत्री ने पूरे परिवार के साथ लोध जलप्रपात की 468 फीट ऊंचाई से गिरती जलधारा का अवलोकन किया। चारों ओर फैली हरी-भरी वादियां, शांत वातावरण और झरने की गर्जना ने सभी का मन मोह लिया। मंत्री ने कहा कि लोध फॉल प्रकृति का अनुपम उपहार है। यह सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखता है। इसकी प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखते हुए हम इसे विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे।उन्होंने JSLPS की दीदियों से आत्मीय संवाद किया। दीदियों द्वारा किए जा रहे आजीविका कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सच्ची वाहक हैं। सरकार आपको हर संभव मदद देगी। योजना कार्यों में तेजी लाएं और अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ें।

पर्यटन विकास को लेकर मंत्री की ऐतिहासिक घोषणा

भ्रमण के दौरान मंत्री ने लोध फॉल के समग्र विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी को निर्देशित किया कि महुआडांड़ अनुमंडल में अविलंब पर्यटक पड़ाव की स्थापना की जाए। मंत्री ने कहा कि पर्यटक पड़ाव खुलने से दोहरे लाभ होंगे। एक ओर पर्यटकों को आवास, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं दूसरी ओर JSLPS की दीदियों और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।साथ ही मंत्री ने घोषणा की कि लोध फॉल के विकास के लिए नई योजना स्वीकृत की जाएगी। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार से अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि यहां पाथवे, व्यू प्वाइंट, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की जा सके।

विकास और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर मिला आश्वासन

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायतों के समग्र विकास के लिए फंड जल्द जारी किया जाएगा ताकि रुके हुए विकास कार्य पूरे हो सकें। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि गरीबों के आवास योजना के तहत लंबित आवासों का भुगतान जल्द स्वीकृत कर लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित किया जाएगा। मंत्री ने कहा किसी भी गरीब परिवार को छत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। यह हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

नेतरहाट में प्रशासन ने किया दिल से स्वागत, मंत्री ने लिया प्रकृति का आनंद

लोध फॉल के भ्रमण के उपरांत मंत्री दीपिका पांडेय सिंह अपने परिवार के साथ नेतरहाट पहुंचीं। झारखंड की “रानी” कहे जाने वाले नेतरहाट में मंत्री के आगमन पर प्रशासनिक टीम और नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।मंत्री ने परिवार के साथ सनसेट प्वाइंट, मैगनोलिया प्वाइंट, अपर घाघरी और अन्य दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। नेतरहाट की ठंडी हवाएं, घने जंगल और गहरी घाटियां देखकर मंत्री अभिभूत हो गईं। उन्होंने कहा नेतरहाट झारखंड की सबसे खूबसूरत पर्यटन धरोहरों में से एक है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण पर्यटकों को अपनी ओर सहज ही आकर्षित करता है। राज्य सरकार इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

इको-टूरिज्म और स्थानीय रोजगार पर दिया जोर

भ्रमण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों के साथ नेतरहाट में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि नेतरहाट में पर्यटकों के लिए आवास, भोजन, साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा की विश्वस्तरीय व्यवस्था की जाए। मंत्री ने कहा कि नेतरहाट में इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों और JSLPS की दीदियों को पर्यटन से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा नेतरहाट सिर्फ लातेहार जिले की ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की पहचान है। इसकी प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हुए इसे संवारना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया आभार

मंत्री के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी उत्साह देखा गया। प्रदेश ज्वाइंट सेक्रेटरी कांता एक्का ने कहा कि मंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। आदिवासी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने कहा कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों से लोध फॉल और नेतरहाट दोनों को पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहैल ने कहा कि मंत्री के निर्देशों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में संपन्न हुआ दौरा

मंत्री के पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, महिला थाना प्रभारी सुशीला केशरी और नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।