जमशेदपुर में साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Cyber Fraud arrested in Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) पुलिस ने गोलमुरी के मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर विदेशियों को साइबर ठगी (Cyber Fraud) का शिकार बनाने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 13 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, सात लैपटॉप चार्जर, एक स्वीपर मशीन और 13 ATM कार्ड जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी अमरीक सिंह उर्फ रिंकू, कोलकाता दत्ता लेन निवासी विवेक गुप्ता, कोलकाता बगोई पाड़ा निवासी तनुप दास, हावड़ा निवासी गौरव चौधरी, मनीष चौधरी, संदीप कुमार राम और प्रवीण चौधरी शामिल हैं।

हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना टेल्को घड़ी पार्क के पास रहने वाला सौरभ कुमार सिन्हा और साइबर क्राइम के लिए जगह उपलब्ध कराने वाला रमिज रजा खान पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

SSP किशोर कौशल ने रविवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गोलमुरी में साइबर ठगी का काम किया जा रहा है। सूचना पर बिष्टुपुर थाना में रमिज रजा खान के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज की।

इसके बाद बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर और गोलमुरी पुलिस ने संयुक्त रूप से मुस्लिम बस्ती स्थित रमिज रजा खान के घर छापेमारी की। मौके से पुलिस ने सातों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Share This Article