रांची के लालपुर में सब्जी खरीद रही थी महिला, ‘पुलिसवाला’ आया और सारे गहने लेकर भाग गया

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: पुलिस अफसर बनकर रांची में ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की है।

लालपुर थाना की पुलिस के अनुसार, कोकर की रहनेवाली बुजुर्ग महिला रोपनी साहू शुक्रवार को अपने पति के साथ सब्जी खरीदने लालपुर सब्जी बाजार पहुंची थीं।

इसी दौरान एक युवक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचा और उसने कहा कि आगे अपराधी लूटपाट कर रहे हैं। आप अपने सारे जेवरात खोल लीजिये, नहीं तो वे लोग लूट लेंगे। हमलोग पुलिसवाले हैं। आपको बचाने के लिए यहां पर आये हैं।

बुजुर्ग महिला पुलिस अफसर बनकर आये अपराधी की बात में आ गयी और अपने सारे जेवरात खोलकर उसे दे दिये।

थोड़ी देर बाद नकली पुलिसवाले ने बुजुर्ग महिला को रूमाल में बंधे जेवरात वापस कर दिये और बाइक पर सवार होकर वहां से चले गये। महिला ने जब बंधा हुआ रूमाल खोला, तो उसमें नकली गहने थे। असली गहने गायब थे।

महिला ने बताया कि उनके दोनों हाथ में सोने के कंगन भी थे, जो हाथ से नहीं निकल रहे थे, लेकिन नकली पुलिसवाले के पास तेल की शीशी भी थी।

उसने हाथ में तेल लगाकर उनके दोनों कंगन खोल लिये। जब तक महिला को समझ आया, तब तक वह अपराधी बाइक से फरार हो चुका था।

मामले में सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में अपराधियों का सुराग मिला है। डीएसपी को जांच के लिए भेजा गया है।

Share This Article