एसआईआर में नये नाम जोड़ने के लिए झारखंड में अब तक आए 6.92 लाख आवेदन, 19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

झारखंड में एसआईआर के तहत दावे-आपत्तियों की समयसीमा खत्म हो गई। फॉर्म-6 के 6.92 लाख से ज्यादा आवेदन मिले। अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची में झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा समाप्त हो गई है। राज्यभर में नए नाम जोड़ने (फॉर्म-6) के लिए अब तक 6.92 लाख (6,92,597) से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन के अंतिम दिन अकेले 34,820 मतदाताओं ने फॉर्म-6 भरा। अंतिम दिन रांची में सबसे अधिक 3,823, गिरिडीह में 3,568, पलामू में 2,599 और धनबाद में 2,410 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इसके अलावा, मतदाता विवरण (नाम, पता, फोटो आदि) में सुधार और स्थानांतरण के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-8 के आवेदनों की संख्या भी 4.73 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के तहत 12,704 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण (फॉर्म-6ए) के लिए कुल 112 आवेदन मिले हैं।

आवेदन की समय सीमा समाप्त होने के बाद अब निर्वाचन विभाग के सामने प्राप्त आवेदनों की जांच, दस्तावेजों के सत्यापन और सुनवाई की चुनौती है। 30 सितंबर तक प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण 14 अक्टूबर तक किया जाएगा, जिसके बाद 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि BLO मतदाताओं के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करें और ECINET व BLO ऐप पर समय-सीमा के भीतर उनकी अपलोडिंग सुनिश्चित करें।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।