विश्व तंबाकू निषेध दिवस : झारखंड सरकार चलायेगी विशेष जन-जागरूकता अभियान

झारखंड सरकार ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 पर एक माह का विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिसमें स्कूल, गांव और शहरों में तंबाकू मुक्त समाज बनाने पर जोर दिया जाएगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : विश्व तंबाकू निषेध दिवस-2026 के अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्यभर में 26 मई से 26 जून 2026 तक एक माह का विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार और राज्य स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर यह अभियान तंबाकू व निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने, तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी अनुपालन तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से संचालित किया जाएगा।

दिलाई जाएगी तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ

इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस का थीम अनमास्क द अपील-काउंटरिंग टोबैको एंड निकोटिन एडिक्शन है। अभियान के दौरान राज्य के सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थान, नगर निकाय, पुलिस प्रशासन, एनएसएस, एनसीसी और एनवाईकेएस के अलावा सामुदायिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सप्ताह विद्यालयों का भ्रमण कर छात्रों को टोबैको फ्री एडुकेशनल इंस्टीट्यूशन के मानकों की जानकारी दी जाएगी। स्कूलों में वाद-विवाद, क्विज प्रतियोगिता, रैली और नो टोबैको प्लेज अभियान चलाया जाएगा। शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी।

चलेगा तंबाकू मुक्त ग्राम अभियान

ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू मुक्त ग्राम अभियान के तहत साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक, दीवार लेखन और ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। पंचायत भवन, आंगनबाड़ी और सार्वजनिक स्थलों पर ‘तंबाकू मुक्त क्षेत्र’ और ‘गैर धूम्रपान क्षेत्र’ से जुड़े साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव पारित कर गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने की पहल भी की जाएगी। इसके अलावा जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर रैली, प्रभात फेरी, वॉकथॉन, माइकिंग और सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में एंटी टोबैको पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाएंगे।

कोटपा के तहत की जाएगी छापेमारी

अभियान के दौरान कोटपा-2003, झारखंड संशोधन अधिनियम 2021 और प्रोहिबिशन आफ इलेक्ट्रानिक सिगरेट्स एक्ट 2019 के पालन को लेकर विशेष छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त कार्रवाई करेंगे। राज्य सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तंबाकू छोड़ने में सहायता के लिए राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 1800-11-2356 का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।