तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया की पहल पर विश्वासी सिंदुरिया का हुआ प्राथमिक इलाज, घर पहुंचे डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी

तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया की पहल पर छह वर्षों से बीमार और खाट पर पड़ी विश्वासी सिंदुरिया तक स्वास्थ्य टीम पहुंची, प्राथमिक इलाज शुरू हुआ और बेहतर उपचार का आश्वासन मिला।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया का मानवीय चेहरा सामने आया है। उन्हें जानकारी मिली थी कि बानो प्रखंड के कनारावां पंचायत अंतर्गत सुदूर जंगल-पहाड़ों के बीच बसे पहाड़टोली गांव की रहने वाली 53 वर्षीय बुजुर्ग माता विश्वासी सिंदुरिया पिछले 6 वर्षों से गंभीर बीमारी और विकलांगता के कारण खाट पर जिंदगी काटने को मजबूर थीं। आर्थिक तंगी के कारण परिवार बेहतर इलाज कराने में असमर्थ था और अब तक उन्हें कोई सरकारी मदद भी नहीं मिल पाई थी।

यह जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए बानो प्रभारी स्वास्थ्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोरंजन कुमार को तुरंत उनके घर पहुंचकर समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उनके निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम और सुदीप के प्रतिनिधि साथी तमाम बाधाओं को पार करते हुए, करीब 1 किलोमीटर पैदल चलकर जंगल-पहाड़ों के बीच माता जी के घर पहुंचे। टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया है और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

सुदीप ने कहा कि जल्द ही माता जी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा भेजा जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी, तो सिविल सर्जन से बात कर उन्हें रिम्स रेफर कराया जाएगा। उनके इलाज का पूरा खर्च स्वास्थ्य विभाग उठाएगा, पीड़ित परिवार पर एक रुपए का भी बोझ नहीं आने दिया जाएगा। साथ ही उन्हें सभी जरूरी सरकारी योजनाओं और सहायता से जोड़ा जाएगा।

संकट की इस घड़ी में हमारी सरकार और हम पूरी तरह से सिंदुरिया परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने इस सेवा कार्य को धरातल पर उतारने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोरंजन कुमार, विधायक प्रतिनिधि तनवीर हुसैन, जगदीश बागे, कनारावां मुखिया मिंसी लीना तिर्की, उप मुखिया अमित डांग, विकास मघैया, ड्रेसर प्रेमिका कुमारी, अक्षय कुमार, मनसुख सिंदुरिया और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को धन्यवाद दिया है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।