

Jharkhand Weather : दक्षिण भारत में दस्तक दे रहे चक्रवात ‘फेंगल’ (Fengal) का Jharkhand के कुछ हिस्सों में हल्का असर देखने को मिलेगा।





राज्य के दक्षिणी हिस्से, विशेष रूप से कोल्हान क्षेत्र के जगन्नाथपुर और बहरागोड़ा इलाकों में घने बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
राजधानी Ranchi और आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का असर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक रह सकता है। इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में ‘फेंगल’ का प्रभाव न के बराबर होगा।
राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन भारी बारिश या तेज हवाओं की संभावना नहीं है।
तापमान में आएगी गिरावट
शुक्रवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यह स्थिति तीन दिसंबर तक बनी रह सकती है।
चार दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड
4 दिसंबर के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसमी बदलाव के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी है।
